Home Chhattisgarh news Bilaspur news रायपुर: तोमर बंधुओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज, सूचना देने पर मिलेगा 5000 रुपए इनाम

रायपुर: तोमर बंधुओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज, सूचना देने पर मिलेगा 5000 रुपए इनाम

0
रायपुर: तोमर बंधुओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज, सूचना देने पर मिलेगा 5000 रुपए इनाम

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने फरार चल रहे कुख्यात सूदखोरों वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी सिंह और उसके भाई रोहित तोमर को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है। दोनों के खिलाफ पुरानी बस्ती थाने में छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है और वे काफी समय से फरार हैं।

पुलिस ने किया इनाम का ऐलान
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने इन दोनों आरोपियों की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 5000 रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने इनके खिलाफ उद्घोषणा जारी कर दी है और आम जनता से सहयोग की अपील की है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी के साथ-साथ तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र का सहारा ले रही है।

आखिर कौन हैं तोमर बंधु?
वीरेंद्र सिंह तोमर, जो स्वयं को राष्ट्रीय करणी सेना का प्रदेश अध्यक्ष बताता है, और उसका भाई रोहित तोमर, शहर में लंबे समय से अवैध रूप से सूदखोरी कर लोगों को परेशान कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों का इतना खौफ था कि कोई भी पीड़ित खुलकर शिकायत करने की हिम्मत नहीं करता था। शिकायत की कोशिश करने वालों को गुंडों से धमकाया जाता और जान से मारने तक की धमकी दी जाती थी।

व्यवसायी से 10 लाख का कर्ज लेकर वसूले 1.16 करोड़
एक पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस को बताया कि उसने केवल 10 लाख का कर्ज लिया था, लेकिन तोमर बंधुओं ने ब्याज के नाम पर 1 करोड़ 16 लाख रुपये तक वसूल लिए। हालात ऐसे हो गए कि उसे अपनी दुकान तक बेचनी पड़ी और अंततः शहर छोड़कर जाना पड़ा। इस शिकायत के बाद पुलिस ने वीरेंद्र, रोहित, उनके भतीजे दिव्यांश तोमर, आकाश मिश्रा, योगेश और अन्य के खिलाफ नया मामला दर्ज किया है।

पुलिस को उम्मीद है कि जनता के सहयोग से जल्द ही इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।