Home Chhattisgarh news Crime News: सिंचाई विभाग के कर्मचारी की सिर कुचलकर निर्मम हत्या, खेत में मिली लाश से सनसनी

Crime News: सिंचाई विभाग के कर्मचारी की सिर कुचलकर निर्मम हत्या, खेत में मिली लाश से सनसनी

0
Crime News: सिंचाई विभाग के कर्मचारी की सिर कुचलकर निर्मम हत्या, खेत में मिली लाश से सनसनी

रायपुर/तिल्दा, 1 मई — राजधानी रायपुर से सटे तिल्दा के बेमता गांव में बुधवार सुबह एक युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय राजू भट्ठ के रूप में हुई है, जो कि सांकरा निवासी और नया रायपुर स्थित सिंचाई विभाग में अनुकंपा नियुक्ति पर कार्यरत था।

राजू भट्ठ की लाश हाईवे किनारे एक सुनसान खेत में खून से सनी हालत में मिली। उसके सिर को किसी भारी वस्तु से बेरहमी से कुचल दिया गया था। सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची तिल्दा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक बीते 15 दिनों से अपने कार्यालय नहीं जा रहा था। घटनास्थल के पास से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं, जिससे पुलिस को आशंका है कि शराब सेवन के दौरान हुए किसी विवाद में उसकी हत्या की गई हो सकती है।

पुलिस अब मामले की कई कोणों से जांच कर रही है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं हत्या की वजह आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी तो नहीं है।

इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।