Home Chhattisgarh news Bhilai news भिलाई में चोरी का खुलासा: जमीन में दबाकर रखा था खजाना, पुलिस ने 50 लाख की संपत्ति की बरामद

भिलाई में चोरी का खुलासा: जमीन में दबाकर रखा था खजाना, पुलिस ने 50 लाख की संपत्ति की बरामद

0
भिलाई में चोरी का खुलासा: जमीन में दबाकर रखा था खजाना, पुलिस ने 50 लाख की संपत्ति की बरामद

छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक बड़ी चोरी का खुलासा हुआ है। दुर्ग की खंडेलवाल कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने जमीन में दबाकर छिपाए गए गहनों और नकदी को बरामद किया है। चोरों ने पुलिस से बचने के लिए चोरी के गहनों को जमीन में छिपा दिया था। पुलिस ने डीएसएमडी (डिजिटल सर्च मेटल डिटेक्टर) की मदद से 332 ग्राम सोना, 3.3 किलो चांदी और 9.76 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने इस मामले में इलेक्ट्रॉनिक सबूतों (ई-साक्ष्य) और सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया। सीसीटीवी में दो संदिग्ध बाइक पर घूमते नजर आए, जिनकी पहचान साइबर सेल की मदद से रंजीत डहरे और रोशन मारकंडे के रूप में हुई। दोनों आरोपी खैरागढ़ के ग्राम केकराजबोड के निवासी हैं।

जांच के बाद पुलिस ने रंजीत और रोशन को हिरासत में लिया, जिन्होंने चोरी की घटना को कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि चांदी के गहने उन्होंने नागपुर निवासी आकाश सोनी को बेच दिए थे। वहीं सोने के गहने और नकदी को उन्होंने अपने साथियों योगेश्वरी उर्फ जुगरी मारकंडे और रविशंकर बंजारे को सौंप दिया था। पुलिस ने पूछताछ में पाया कि योगेश्वरी ने चोरी की गई संपत्ति को अपने घर के पास जमीन में गाड़ दिया था।

इस पूरे मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। घटना के दौरान इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की गई है। एसएसपी विजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से चोरी की गुत्थी सुलझ गई और लाखों की संपत्ति की बरामदगी हो सकी।