बिलासपुर में चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस ने अब ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है, जो खुलेआम या ऑनलाइन धारदार हथियार खरीद रहे हैं। रविवार को रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को स्टाइलिश बटनदार चाकू के साथ पकड़ा। दोनों के पास से कुल 10 चाकू बरामद किए गए हैं।
तारबाहर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि एसीसीयू को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के सर्विस प्रोवाइडर क्षेत्र में दो युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अशोक नगर (सरकंडा) निवासी निखिल साहू (19) को पकड़ा, जिसके पास से आठ चाकू मिले। वहीं, गौरेला निवासी सुमित चौरसिया (20) के पास से दो चाकू बरामद हुए।

दोनों युवकों को हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने ऑनलाइन प्लेटफार्म से चाकू मंगवाने वालों की सूची तैयार कर उनसे भी पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जिले में 40 लोगों ने धारदार चाकू ऑनलाइन खरीदे हैं। पूछताछ में पता चला कि इनमें से अधिकतर ने घरेलू कामकाज के लिए चाकू मंगवाए थे, लेकिन पांच युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
इन पांचों के खिलाफ भी संबंधित थानों में कार्रवाई की गई है। इनमें सरकंडा, सिरगिट्टी, मस्तूरी और चकरभाठा थाना क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस का यह अभियान चाकूबाजी पर रोक लगाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।