छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं के पीछे सक्रिय एक शातिर चोर को सिमगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण, नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई साइकिल बरामद की गई है। आरोपी की पहचान योगेश मसीह (उम्र 54 वर्ष), निवासी ग्राम परसदा, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम सुराग
पिछले कुछ दिनों से मंदिरों में दानपेटी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन मामलों की जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का गहराई से विश्लेषण किया। इसी दौरान 20 जुलाई को सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरपोंगा स्थित मंदिर में हुई चोरी की घटना ने पुलिस को सतर्क कर दिया। मामले में अपराध क्रमांक 389/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने तरपोंगा मंदिर की दानपेटी चुराने की बात स्वीकार की। इसके साथ ही आरोपी ने थाना भाटापारा ग्रामीण, भाटापारा शहर और नांदघाट (बेमेतरा) के मंदिरों से भी दानपेटी चोरी करने की बात कबूल की।
चोर की चालाकी: दिन में रेकी, रात में वारदात
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी दिन के समय साइकिल से मंदिरों और आसपास के इलाकों की रेकी करता था और रात में सुनसान समय पर वारदात को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद तुरंत फरार हो जाता था, जिससे उसे पकड़ना मुश्किल हो रहा था।
60,500 रुपये मूल्य का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग ₹51,000 के सोने के आभूषण, ₹4,500 नकद और एक साइकिल जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब ₹60,500 आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही जिला बिलासपुर में चोरी के 10 मामले दर्ज हैं।
फिलहाल आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में दहशत फैलाने वाले एक शातिर चोर को पकड़ने में सफलता मिली है