रायपुर।
छत्तीसगढ़ आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
विधानसभा प्रश्नों को समय पर भेजने के निर्देश
प्रमुख सचिव बोरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधानसभा सचिवालय से प्राप्त सभी प्रश्नों के जवाब स्पष्ट, संक्षिप्त और तथ्यात्मक होने चाहिए। जिला संबंधित जानकारी समय-सीमा में संबंधित सहायक आयुक्त से प्राप्त कर उसे प्राथमिकता से 7 जुलाई तक विधानसभा सचिवालय को भेजना सुनिश्चित किया जाए।
शैक्षणिक संस्थानों की समीक्षा
बैठक में प्रयास एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के निर्माण कार्यों, 2025-26 के प्रवेश सत्र की तैयारियों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी छात्रावासों और आश्रमों में बेहतर कंप्यूटर लैब स्थापित करने और संवेदनशील संस्थानों में तत्काल CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
राज्य स्थापना के 25 वर्ष पर विशेष आयोजन
प्रमुख सचिव ने 1 से 15 नवंबर तक राज्य स्थापना के 25 वर्ष और जनजातीय गौरव दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इसमें आदिवासी साहित्य उत्सव, बुक फेयर, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला प्रदर्शनी, फिल्म फेस्टिवल और जनजातीय रामायण जैसे आयोजनों को शामिल किया जाएगा।
संग्रहालय का निरीक्षण और निर्माण कार्य की सख्त निगरानी
बोरा ने रायपुर स्थित टीआरटीआई परिसर में निर्माणाधीन शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का निरीक्षण किया और डिजिटली समीक्षा के बाद मौके पर पहुंचकर सभी 14 गैलरियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को 30 सितंबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही संग्रहालय में गिफ्ट शॉप और ऑडियो-विजुअल सुविधाओं को भी दुरुस्त करने के आदेश दिए गए। उन्होंने बताया कि अब हर गुरुवार को वे स्वयं संग्रहालय का निरीक्षण करेंगे, ताकि कार्य में गुणवत्ता और गति बनी रहे।