Home Chhattisgarh news 8 साल से अधूरा स्काईवॉक अब होगा पूरा, जर्जर हिस्सों को हटाकर फिर से शुरू हुआ निर्माण कार्य

8 साल से अधूरा स्काईवॉक अब होगा पूरा, जर्जर हिस्सों को हटाकर फिर से शुरू हुआ निर्माण कार्य

0
8 साल से अधूरा स्काईवॉक अब होगा पूरा, जर्जर हिस्सों को हटाकर फिर से शुरू हुआ निर्माण कार्य

रायपुर के शास्त्री चौक स्थित लंबे समय से अधूरे पड़े स्काईवॉक प्रोजेक्ट को आखिरकार पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए गए हैं। करीब 8 साल से अटके इस प्रोजेक्ट को अब आरएसएए नामक एजेंसी द्वारा 38 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। एजेंसी ने मेकाहारा चौक के पास अपना बेस कैंप (तंबू) लगाकर काम की शुरुआत भी कर दी है।

लोक निर्माण विभाग (PWD) के ब्रिज डिवीजन ने वर्क ऑर्डर जारी कर एजेंसी को जल्द निर्माण शुरू करने का निर्देश दिया है। शुरुआत में स्काईवॉक के खराब व जर्जर हो चुके हिस्सों को हटाया जाएगा। साथ ही, जिन पिलर्स को पहले काट दिया गया था, उन्हें दोबारा बनाया जाएगा।

इस स्काईवॉक पर अब तक 46 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और इसके पूरा होने तक कुल लागत 80 से 85 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, शहरवासियों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या वास्तव में लोग इस स्काईवॉक का उपयोग करेंगे।

इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की सरकार में की गई थी, जब पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत थे। लेकिन 2018 में सरकार बदलने के बाद इस पर काम रोक दिया गया था। इसके बाद से यह अधूरा ही पड़ा रहा।

समय बीतने के साथ इसमें लगे लोहे के कई हिस्से जंग खा चुके हैं। खासकर मेकाहारा अस्पताल चौक के पास कई पिलर्स काटे जा चुके थे। अब वर्तमान सरकार के मंत्री अरुण साव के नेतृत्व में इसे फिर से शुरू किया जा रहा है और इसे 5 से 6 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, हालांकि क्षेत्र में भारी ट्रैफिक को देखते हुए यह चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

इस स्काईवॉक की योजना इस सोच के साथ बनाई गई थी कि लोग जयस्तंभ चौक या कलेक्ट्रेट की मल्टीलेवल पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर वहां से पैदल ही स्काईवॉक के जरिए कलेक्ट्रेट, तहसील, टीएंडसीपी ऑफिस, शहीद स्मारक भवन और डीकेएस-आंबेडकर अस्पताल तक जा सकें। सुविधा के लिए इसमें 8 स्थानों पर लिफ्ट और चार एस्केलेटर लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं, डीकेएस और आंबेडकर अस्पताल के बीच मरीजों को सीधे स्ट्रक्चर के ऊपर से शिफ्ट किया जा सकेगा।