रायपुर: राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक किराए के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यह रैकेट शहर के अलग-अलग स्पा सेंटरों के जरिए संचालित किया जा रहा था। पुलिस की कार्रवाई में एक युवती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं एक पीड़िता को मुक्त कराया गया है, जिससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक घर में अनैतिक गतिविधियां हो रही हैं। 23 जुलाई को मुखबिर को पैसे देकर घर के अंदर भेजा गया, और जैसे ही पुष्टि हुई, टीम ने छापा मारा। मौके से आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश साहू (39), निवासी सड्डू, के रूप में हुई है, जो अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर देह व्यापार का संचालन कर रहा था। ग्राहकों को वॉट्सऐप पर लड़कियों की तस्वीरें भेजकर सौदा तय किया जाता था। ग्राहक स्पा सेंटरों के माध्यम से संपर्क में आते थे, फिर उन्हें प्रोफेसर कॉलोनी के किराए के मकान में बुलाया जाता था।
छानबीन में सामने आया कि आकाश का संपर्क कृषाणु दास (42) नामक व्यक्ति से था, जो शंकर नगर निवासी है और खम्हारडीह, समता कॉलोनी और कटोरा तालाब में तीन स्पा सेंटर चलाता है। कृषाणु इन सेंटरों की आड़ में देह व्यापार कराता था, जिसमें आकाश और उसकी महिला मित्र सहयोग करते थे। आरोपियों के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक चैट्स, तस्वीरें और पैसों के लेन-देन के रिकॉर्ड मिले हैं। चार मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों पर अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
-
आकाश साहू (39), निवासी सड्डू, रायपुर
-
कृषाणु दास (42), निवासी शंकर नगर, रायपुर
-
एक युवती, जो देह व्यापार में संलिप्त थी
दुर्ग:
इधर, दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में भी ‘द ग्रीन डे स्पा सेंटर’ की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। शुक्रवार को पुलिस ने छापा मारकर संचालिका समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ये स्पा सेंटर नेहरू नगर स्थित सूर्या मॉल के पास चल रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में स्पा सेंटर की संचालिका संध्या कुमारी, दो ग्राहक अरविंद यादव और आदित्य सिंह, और दो टेली कॉलर जैनम खातून व योगिता गंधर्व शामिल हैं। स्पा सेंटर का मालिक फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस दोनों मामलों की विस्तृत जांच कर रही है और इस गोरखधंधे में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।