कोरबा। कोल इंडिया के तहत आने वाली साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने अपने कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड लागू कर दिया है। अब 15 जुलाई से SECL की सभी खदानों, कार्यशालाओं और दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। पुरुष कर्मचारी स्काई ब्लू शर्ट और नेवी ब्लू पैंट पहनेंगे, वहीं महिला कर्मचारियों को हल्के आसमानी रंग का कुर्ता और गहरे नीले रंग का सलवार-दुपट्टा या फिर नीले बॉर्डर वाली हल्के आसमानी साड़ी पहननी होगी।
कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारियों को ड्रेस सिलवाने के लिए 12,500 रुपये अग्रिम रूप से दिए हैं। साथ ही निर्देश दिया है कि वे ब्रांडेड कपड़ों से ड्रेस तैयार कराएं और कपड़े की खरीद का जीएसटी बिल एक महीने के भीतर कंपनी को जमा करें। हालांकि सिलाई के खर्च का जीएसटी बिल देना अनिवार्य नहीं है।
कोल इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में यह फैसला लिया गया था कि सभी अनुषंगी कंपनियों में यूनिफॉर्म व्यवस्था लागू की जाए। इसके बाद SECL ने अपने सभी एरिया व मुख्यालय में इसे अनिवार्य करने का आदेश जारी कर दिया है।
कंपनी का उद्देश्य कर्मचारियों में अनुशासन बढ़ाना और कार्यस्थल को कॉर्पोरेट लुक देना है। साथ ही सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान आई-कार्ड पहनना भी अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे उनकी पहचान आसानी से सुनिश्चित की जा सके।
प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि यदि कर्मचारी निर्धारित समय पर बिल जमा नहीं करते हैं तो अग्रिम दी गई राशि वेतन से काट ली जाएगी और भविष्य में एडवांस की सुविधा भी नहीं मिलेगी।