सरगुजा। सरगुजा जिले में मूसलधार बारिश ने लोगों की ज़िंदगी को बुरी तरह से प्रभावित किया है। बीती रात से हो रही भारी बारिश ने शहर को पूरी तरह जलमग्न कर दिया है। कई बस्तियों में पानी भर गया है, सड़कें नदी जैसी नजर आ रही हैं और कुछ पॉश कॉलोनियों में तो घरों के भीतर तक पानी घुस चुका है।

बेडरूम तक पहुंचा पानी, गाड़ियां डूबीं
बारिश के कारण घरों के बेडरूम तालाब जैसे दिख रहे हैं। सड़कों का पानी सीधे घरों में घुस गया है। गाड़ियों का आधा हिस्सा पानी में डूबा नजर आ रहा है। रोजमर्रा के घरेलू सामान खराब हो गए हैं और लोग पूरे दिन पानी निकालने की मशक्कत में लगे हुए हैं।
नगर निगम पर उठे सवाल
स्थानीय लोग नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते जल निकासी की तैयारी होती, तो हालात इतने खराब नहीं होते। पूर्व महापौर ने पहले ही मास्टर प्लान को दोषी ठहराते हुए यह कह दिया था कि “अब कुछ नहीं किया जा सकता”, लेकिन आज जनता को भुगतना पड़ रहा है।
कुंडला सिटी में भीषण दृश्य
शहर की पॉश कॉलोनी कुंडला सिटी से आई तस्वीरें बेहद चिंताजनक हैं। एक बुजुर्ग व्यक्ति पानी से भरे कमरे में बेड पर बैठकर मोबाइल चला रहे हैं, जबकि दूसरा व्यक्ति अखबार पढ़ रहा है। बारिश लगातार जारी है और लोगों के घरों में कैद रहने की नौबत आ चुकी है।

राजनीतिक बयानबाज़ी भी शुरू
पूर्व पार्षद सतीश बारी ने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “हर साल नगर निगम बारिश से पहले तैयार रहता था, लेकिन इस बार सब कुछ भगवान भरोसे है। अब तो बाढ़ में सरकार ही बह जाएगी।”
फिलहाल नगर निगम की टीमें निचले इलाकों से पानी निकालने में जुटी हैं, लेकिन हालात सुधरने में वक्त लग सकता है।