Home Chhattisgarh news बीजापुर में सड़क निर्माण घोटाला: पीडब्ल्यूडी के 5 अधिकारी गिरफ्तार, पत्रकार हत्या से जुड़ा मामला

बीजापुर में सड़क निर्माण घोटाला: पीडब्ल्यूडी के 5 अधिकारी गिरफ्तार, पत्रकार हत्या से जुड़ा मामला

0
बीजापुर में सड़क निर्माण घोटाला: पीडब्ल्यूडी के 5 अधिकारी गिरफ्तार, पत्रकार हत्या से जुड़ा मामला

बीजापुर जिले में गंगालूर से मितलूर तक की सड़क के निर्माण में भारी अनियमितता के आरोप में लोक निर्माण विभाग (PWD) के पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अधिकारियों में दो सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता (ईई), एक वर्तमान ईई, एक एसडीओ और एक सब इंजीनियर शामिल हैं। इस कार्रवाई की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना ने की है।

यह मामला चर्चित पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या से जुड़ा है, जिसकी जांच एसआईटी (विशेष जांच टीम) कर रही है। बताया जा रहा है कि पत्रकार की हत्या के बाद सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार की जांच तेज की गई थी। जांच के दौरान विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के स्पष्ट प्रमाण मिलने के बाद पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया है।

गौरतलब है कि पत्रकार मुकेश चंद्राकर ने इस घटिया सड़क निर्माण को उजागर किया था। 1 जनवरी को वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे और कुछ दिन बाद उनका शव ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के घर के सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ।

इस मामले में पुलिस ने सुरेश चंद्राकर और उसके भाइयों रितेश व दिनेश चंद्राकर के साथ एक सुपरवाइज़र महेंद्र रामटेके को गिरफ्तार किया था। सुरेश को हैदराबाद से पकड़ा गया था।

उल्लेखनीय है कि नेलसनार-कोडोली-मिरतुर-गंगालूर सड़क परियोजना को वर्ष 2010 में 73.08 करोड़ रुपए की लागत से मंजूरी मिली थी। इस सड़क में घोटाले की परतों को पत्रकार मुकेश चंद्राकर ने उजागर किया था, जिसकी कीमत उन्हें अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।