रायपुर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वीआईपी रोड पर होटल नीलम के पास एक तेज रफ्तार थार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और फिर सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में गाड़ी का सामने का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के वक्त थार में पांच युवक सवार थे। इनमें से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाकी तीन को हल्की चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। थार कार रायपुर के राम मंदिर चौक से फूंडहर की ओर जा रही थी। गाड़ी की स्पीड काफी तेज बताई जा रही है। होटल नीलम के पास अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी डिवाइडर पार कर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग भी घटनास्थल पर दौड़ पड़े।

हादसे की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा। दो गंभीर रूप से घायल युवकों का इलाज जारी है। वहीं तीन अन्य युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हादसे में शामिल थार गाड़ी रायपुर पासिंग की बताई जा रही है।
पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। देर रात तक घायलों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई थी। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के कारण ही यह बड़ा हादसा हुआ है। गौरतलब है कि वीआईपी रोड पर रात के समय अक्सर तेज रफ्तार गाड़ियां देखने को मिलती हैं और यहां हादसों के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
पुलिस ने अपील की है कि लोग रात में तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं और सावधानी बरतें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।