रायपुर। कुख्यात सूदखोर तोमर ब्रदर्स की आलीशान ज़िंदगी पर अब कानून ने पूरी तरह नकेल कस दी है। शनिवार को SDM एन.के. चौबे और पुलिस-प्रशासन की टीम ने भाठागांव स्थित उनके लग्जरी बंगले को कुर्क कर लिया। यह बंगला दोनों भाइयों का है, जिसमें हर एक का 1500-1500 स्क्वायर फीट का हिस्सा शामिल है।
यह कार्रवाई CJM कोर्ट के आदेश पर की गई। कोर्ट ने साफ़ निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति के संपत्ति में कोई बदलाव नहीं होगा और न ही इसे बेचा जा सकेगा। इससे पहले नगर निगम ने भी रोहित तोमर के अवैध ऑफिस को ढहा दिया था।

दो महीने से पुलिस की पकड़ से बाहर
करीब दो महीने पहले प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला से मारपीट के बाद तोमर ब्रदर्स फरार हैं। तेलीबांधा थाना में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। कई राज्यों में टीमें भेजी गईं, लेकिन दोनों अब तक गिरफ्त से दूर हैं।
कार्रवाई के बाद पीड़ितों में जागा हौसला
लंबे समय से अवैध वसूली और धमकी से परेशान पीड़ित अब थानों तक पहुंचने लगे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अब तक तोमर ब्रदर्स के खिलाफ सूदखोरी, जबरन वसूली और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम समेत 6 से अधिक FIR दर्ज हो चुकी हैं।

पुराने मामलों से भी रहे हैं सुर्खियों में
यह पहली बार नहीं है जब रोहित तोमर कानून के शिकंजे में आया हो। एक साल पहले हाइपर क्लब गोलीकांड के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आधा सिर मुंडवाकर जुलूस निकाला था। उस वक्त कपड़े भी फाड़े गए थे।
रोहित तोमर ‘गोल्डन मैन’ के नाम से कुख्यात है और निगरानी बदमाशों की सूची में शामिल है। राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती, कोतवाली और गुढ़ियारी थानों में उसके खिलाफ 9 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।