रायपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस की गिरफ्त में आए तीन बड़े तस्कर पाकिस्तान और अफगानिस्तान से ड्रग्स खरीदकर भारत के अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करते थे। इन तस्करों को पंजाब में छापेमारी कर पकड़ा गया और सोमवार देर शाम ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया। मंगलवार को इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर में भी ड्रग्स सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
हालांकि जांच में सामने आया है कि तीनों का रायपुर के स्थानीय तस्करों से सीधा संपर्क नहीं था। वे पंजाब में तस्करों को माल बेचते थे और उन्हीं के जरिए ड्रग्स रायपुर तक पहुंचता था। खातों की जांच में दो करोड़ रुपए से ज्यादा का लेन-देन मिला है। पुलिस ने बताया कि आरोपी वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल करते थे और ड्रोन के जरिए बॉर्डर पार से ड्रग्स मंगाते थे।
आरोपियों में अमृतसर निवासी चरणजीत सिंह उर्फ चांद और गुरुजीत सिंह उर्फ गुरुजी का सीधा कनेक्शन पाकिस्तान-अफगानिस्तान के तस्करों से है। ये दोनों टिकरापारा में पकड़े गए पंजाब निवासी लवजीत सिंह से जुड़े थे, जो उनसे ड्रग्स खरीदकर राजनांदगांव के सुवित श्रीवास्तव को सप्लाई करता था। इसके अलावा जशनदीप सिंह उर्फ लव को भी पकड़ा गया है, जो हिस्ट्रीशीटर रुपिंदर सिंह उर्फ पिंदर से जुड़ा था।
पुलिस का कहना है कि तीनों से लगातार पूछताछ जारी है। उनसे पंजाब और बॉर्डर क्षेत्र में सक्रिय और तस्करों के बारे में अहम सुराग मिलने की संभावना है। यह कार्रवाई ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।