रायपुर। नशे और अपराध के खिलाफ “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर रेंज पुलिस ने तड़के सुबह 4 बजे से एक साथ बड़ी कार्रवाई की। रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों में करीब 1600 पुलिसकर्मियों की 143 टीमों ने 250 से ज्यादा जगहों पर दबिश दी। इस दौरान 270 से अधिक लोगों को पकड़ा गया और बड़ी मात्रा में नशे का सामान जब्त किया गया।
ऑपरेशन का उद्देश्य
आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का मकसद नशे के नेटवर्क को तोड़ना और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करना है। ऑपरेशन का पूरा नाम है — N.I.S.C.H.A.Y (Narcotics, Investigation, Suppression, Control, Halt, Action for Youth & Society), यानी नशे पर नियंत्रण और युवाओं व समाज को सुरक्षित भविष्य देना।
पुलिस का एक्शन
-
5 जिलों में एकसाथ 250 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी
-
NDPS, आबकारी और आर्म्स एक्ट में 100 आरोपी गिरफ्तार
-
31 फरार आरोपी वारंट तामिली के तहत दबोचे गए
-
140 से ज्यादा लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
-
जब्ती में 34 किलो गांजा, 13 ग्राम हेरोइन, 842 नशीली कैप्सूल, 100 टैबलेट, 90 इंजेक्शन, 70 लीटर शराब और हथियार शामिल
जिलेवार कार्रवाई
-
रायपुर: 70 जगह दबिश, 24 आरोपी गिरफ्तार, 35 लोगों पर कार्रवाई
-
धमतरी: 43 जगह दबिश, 16 आरोपी गिरफ्तार, 31 संदिग्धों को नशामुक्ति शपथ
-
बलौदाबाजार-भाटापारा: 44 जगह दबिश, 27 आरोपी गिरफ्तार, 23 फरार पकड़े गए
-
महासमुंद: 61 जगह दबिश, 22 आरोपी गिरफ्तार, 18 लोगों पर कार्रवाई
-
गरियाबंद: 55 जगह दबिश, 11 आरोपी गिरफ्तार
सेमिनार भी आयोजित
28 अगस्त को रायपुर में NDPS एक्ट पर एक दिन का सेमिनार हुआ, जिसमें न्यायाधीश और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। सत्र न्यायाधीश बी.पी. वर्मा ने कहा कि पुलिस और न्यायालय की संयुक्त कार्रवाई नशे को रोकने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने जोर दिया कि समाज के हर नागरिक को इस मुहिम में शामिल होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर
पुलिस का कहना है कि यह केवल शुरुआत है। आने वाले समय में भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार की जाएगी ताकि नशे के कारोबार और अपराधियों के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।