रायपुर। रायपुर नगर निगम के राजस्व विभाग ने सम्पत्ति करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि अगर कोई नागरिक 30 जून 2025 तक अपने सम्पत्ति कर का भुगतान कर देता है, तो उसे 6.25% की छूट दी जाएगी। यह छूट वित्तीय वर्ष 2025-26 के करदाताओं के लिए लागू होगी।
नगर निगम ने करदाताओं की सुविधा के लिए विभिन्न भुगतान विकल्प उपलब्ध कराए हैं। अब करदाता ऑनलाइन माध्यम, व्हाट्सएप, निगम की वेबसाइट पर मौजूद चैटबॉट या क्यूआर कोड के जरिए भी कर जमा कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित जोन कार्यालयों के राजस्व विभाग से संपर्क किया जा सकता है।
निगम की जनता से अपील
नगर निगम ने रायपुर के सभी सम्पत्ति करदाताओं से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समयसीमा यानी 30 जून 2025 से पहले कर का भुगतान करें और अधिकतम छूट का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी नगर निगम की वेबसाइट से भी प्राप्त की जा सकती है।
जलभराव की समस्या पर जोन कमिश्नर ने दिया सफाई का निर्देश
जोन-8 की कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने टाटीबंध के बिजली ऑफिस के पीछे स्थित जलभराव प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की सफाई करवाने के निर्देश दिए ताकि बारिश में जलभराव की समस्या न हो। इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन और स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा भी मौजूद थे।
विकास कार्यों की धीमी गति पर विधायक का असंतोष
पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक व पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने जीई रोड से एनआईटी मार्ग तक चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विकास कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने देखा कि डिवाइडर पर अभी तक जाली और लाइट पोल नहीं लगाए गए हैं, वहीं सेंट्रल लाइब्रेरी के पास का कार्य भी अधूरा है। अनुपम उद्यान के पास की साइड रोड पर अनियमित रूप से लगी दुकानों को व्यवस्थित करने के आदेश दिए गए।
स्वीमिंग पूल और कला केंद्र की सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
विधायक मूणत ने अंतरराष्ट्रीय स्वीमिंग पूल की सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को परिसर को नियमित रूप से साफ-सुथरा बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चौपाटी और कला केंद्र का भी दौरा कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के दौरान महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर, निगम आयुक्त, जोन अध्यक्ष, स्थानीय पार्षद, स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीओओ और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।