रायपुर के सबसे व्यस्तम चौकों में शुमार मेकाहारा चौक पर हर दिन दोपहर 12 बजे के बाद ट्रैफिक सिग्नल बंद होने से अव्यवस्था फैल रही है। स्थानीय लोगों और राहगीरों के मुताबिक, जैसे ही सिग्नल बंद होता है, चारों ओर से सिर्फ येलो लाइट जलती रहती है। ऐसे में सभी दिशाओं से आने वाले वाहन एक साथ चौक पर घुस जाते हैं और घंटों तक जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार वाहनों के आपस में टकराने की नौबत भी आ जाती है, जिससे विवाद और झगड़े तक की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
राहगीरों का कहना है कि यह समस्या रोजाना सामने आती है और दो से तीन घंटे तक बनी रहती है। फिर अचानक सिग्नल अपने आप चालू हो जाता है। इससे यह साफ है कि कहीं न कहीं तकनीकी गड़बड़ी है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा इसे ठीक करने की पहल अब तक नहीं की गई है।
सिर्फ मेकाहारा चौक ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य कई चौकों पर भी ऐसी ही समस्या देखने को मिल रही है। कई जगह सिग्नल अचानक बंद हो जाते हैं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित होता है।
इधर, इस मामले में जब पुलिस अधिकारियों से बात की गई तो उनका कहना था कि उन्हें सिग्नल बंद होने की कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि अगर सबसे व्यस्त चौक पर रोजाना अव्यवस्था हो रही है तो यातायात विभाग और नगर निगम कब जागेगा? फिलहाल, नागरिकों को इस समस्या से हर रोज जूझना पड़ रहा है।