Home Chhattisgarh news Raipur news फुंडहर में हर घर पर हेलमेट चालान का बोझ, बस्ती के लोग पहुंचे एसएसपी के पास

फुंडहर में हर घर पर हेलमेट चालान का बोझ, बस्ती के लोग पहुंचे एसएसपी के पास

0
फुंडहर में हर घर पर हेलमेट चालान का बोझ, बस्ती के लोग पहुंचे एसएसपी के पास

रायपुर के वीआईपी रोड स्थित फुंडहर बस्ती के निवासी इन दिनों ट्रैफिक पुलिस के चालानों से परेशान हैं। करीब 800 की आबादी वाली इस बस्ती के हर घर में अब तक 15 से 20 हजार रुपए तक के चालान पहुंच चुके हैं। सभी चालानों में एक ही कारण दर्ज है – बाइक चलाते समय हेलमेट न पहनना।

मामला यह है कि फुंडहर चौक से गुजरने वाली मुख्य सड़क बस्ती को दो हिस्सों में बांटती है। आधी आबादी सड़क के एक ओर और आधी दूसरी ओर रहती है। रोजमर्रा के कामों के लिए लोगों को बाइक से एक ओर से दूसरी ओर जाना पड़ता है। लेकिन चौक पर लगे ट्रैफिक सिग्नल और कैमरों में वे बिना हेलमेट कैद हो जाते हैं, जिससे चालान कट जाता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के एक ओर श्मशान घाट, मंदिर और तालाब हैं। किसी को अंतिम संस्कार में जाना हो या पूजा करने, सभी को सड़क पार करनी पड़ती है। इस दौरान भी अगर हेलमेट नहीं है, तो उनका चालान बन जाता है। कई घरों में अब तक 40-50 चालान पहुंच चुके हैं।

परेशानी से तंग आकर बस्तीवासी मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह से मिले और अपनी समस्या बताई। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान और नए नियम बनाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।