Home Chhattisgarh news रायपुर का कोटा रेलवे फाटक बंद करने की तैयारी, हज़ारों लोग होंगे प्रभावित

रायपुर का कोटा रेलवे फाटक बंद करने की तैयारी, हज़ारों लोग होंगे प्रभावित

0
रायपुर का कोटा रेलवे फाटक बंद करने की तैयारी, हज़ारों लोग होंगे प्रभावित

रायपुर। कोटा रेलवे क्रॉसिंग को बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि रेलवे ने अभी तक कोई वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध नहीं कराया है। प्रतिदिन करीब 10 से 12 हजार लोग, जिनमें स्टूडेंट्स, व्यापारी और आम नागरिक शामिल हैं, इस फाटक से आवाजाही करते हैं। लोगों का कहना है कि जब तक दूसरा रास्ता तैयार नहीं हो जाता, फाटक बंद नहीं किया जाना चाहिए।

रेलवे का सर्वे शुरू, अभी तय नहीं हुई तारीख

रेलवे प्रशासन का कहना है कि तकनीकी सर्वे के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। रायपुर रेल मंडल के DRM दयानंद ने बताया कि फिलहाल फाटक बंद करने की कोई तारीख तय नहीं हुई है। अगले 10 से 15 दिनों में रिपोर्ट आने के बाद ही आगे का निर्णय होगा।

ROB और RUB पर अटकी योजना

डीआरएम ने बताया कि फाटक बंद होने के बाद रोड ओवर ब्रिज (ROB) या रोड अंडर ब्रिज (RUB) विकल्प के तौर पर सोचे जा रहे हैं। लेकिन कोटा क्रॉसिंग पर ROB बनाना संभव नहीं है। वहीं RUB बनाने में दिक्कत यह है कि फाटक के दोनों ओर लोगों के मकान बने हुए हैं और पर्याप्त लंबाई न मिलने से यहां पानी भरने की समस्या भी हो सकती है।

छात्रों और व्यापारियों पर असर

कोटा क्रॉसिंग से रोजाना NIT रायपुर, साइंस कॉलेज, आयुर्वेद कॉलेज और पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र गुजरते हैं। फाटक बंद होने पर उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ेंगे। स्थानीय व्यापारियों ने भी आशंका जताई है कि आपूर्ति बाधित होने से कारोबार प्रभावित होगा।

संघर्ष से बना था रास्ता

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़क लंबे संघर्ष के बाद बनी थी। 1990 के दशक में पूर्व पार्षद स्वर्गीय किशोर साहू ने इसकी मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया था। तब लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए एनआईटी रायपुर परिसर से होकर जाना पड़ता था।

पैदल और दोपहिया के लिए विकल्प

डीआरएम ने यह भी कहा कि क्रॉसिंग बंद होने के बाद पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की संभावना देखी जाएगी। इसका निर्णय तकनीकी सर्वे के बाद होगा।

2027 तक सभी क्रॉसिंग होंगे बंद

रेलवे की योजना के अनुसार 2027 तक शहर की सीमाओं के भीतर सभी रेलवे फाटक बंद कर दिए जाएंगे। कोटा क्रॉसिंग का प्रस्तावित बंद होना उसी योजना का हिस्सा है।