रायपुर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्यपाल रमेन डेका ने गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
पूजा कार्यक्रम में मंत्री टंक राम वर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। सभी ने भक्तिभाव के साथ भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री साय ने परंपरा अनुसार रथ यात्रा मार्ग की स्वर्ण झाड़ू से सफाई कर यात्रा का शुभारंभ किया। इस धार्मिक आयोजन में राजधानी सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे मंदिर परिसर और रथ मार्ग पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंग गया।