रायपुर में महंगी और स्टाइलिश बाइक चलाने का शौक रखने वाले एक युवक को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने शहर के दो अलग-अलग इलाकों से एक स्पोर्ट्स बाइक और एक बुलेट बाइक चोरी की थी। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने दोनों बाइक जब्त कर ली हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
पहली चोरी: डिलीवरी बॉय की R15 गायब
मामले की शुरुआत 30 जुलाई को हुई, जब न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले डिलीवरी बॉय चितरंजन सरकार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी Yamaha R15 बाइक से अमलीडीह स्थित ऑफिस गया था, लेकिन काम खत्म होने के बाद बाहर आकर देखा तो बाइक चोरी हो चुकी थी।
दूसरी वारदात: मेडिकल कॉम्प्लेक्स से उड़ाई बुलेट
दूसरी शिकायत मौदहापारा थाना क्षेत्र से आई, जहां स्वप्निल मिश्रा ने बताया कि वह अपने दोस्त के नाम पर रजिस्टर्ड बुलेट बाइक चला रहा था। 25 जुलाई की रात उसने बाइक को पूर्ण मेडिकल कॉम्प्लेक्स की पार्किंग में लॉक करके छोड़ा था और कुछ दिनों के लिए महाराष्ट्र चला गया था। 4 अगस्त को वापस लौटने पर बाइक गायब मिली।
CCTV ने खोला राज, आरोपी गिरफ्तार
दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। इसी के आधार पर मौदहापारा निवासी फैजान खान उर्फ फज्जू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बाइक चोरी की बात कबूल ली। पुलिस ने उसके कब्जे से R15 और बुलेट, दोनों बाइक्स बरामद कर ली हैं।
अब पुलिस आरोपी से यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने पहले भी इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या किसी गैंग का हिस्सा है।