Home Chhattisgarh news पत्नी के चरित्र पर शक में पति बना हैवान, बच्चों के सामने किया कत्ल

पत्नी के चरित्र पर शक में पति बना हैवान, बच्चों के सामने किया कत्ल

0
पत्नी के चरित्र पर शक में पति बना हैवान, बच्चों के सामने किया कत्ल

रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में चरित्र पर शक की वजह से एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। महिला हाल ही में तीजा मनाकर मायके से लौटी थी। घर लौटने के कुछ ही घंटों बाद पति ने गुस्से में आकर बच्चों के सामने लोहे की रॉड से हमला किया। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

खाना परोसते समय हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, मृतका प्रियंका सेन अपने दो छोटे बच्चों को खाना परोस रही थी। उसी समय उसका पति मुकेश सेन उससे झगड़ा करने लगा और गाली-गलौज करने के बाद अचानक लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया। चोट लगते ही प्रियंका जमीन पर गिर गई और लहूलुहान हो गई। मां की हालत देखकर बच्चे रोने लगे।

पिता पर भी हमला

हंगामा सुनकर मुकेश का पिता कृष्ण कुमार सेन कमरे में पहुंचा तो आरोपी बेटे ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ और आंख के पास चोटें आईं। किसी तरह घरवालों ने स्थिति संभाली और घायल प्रियंका को अस्पताल ले जाया गया।

इलाज के दौरान मौत, आरोपी ने किया सरेंडर

गंभीर हालत में प्रियंका को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां 28 अगस्त को उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मुकेश खुद थाने पहुंचा और वारदात में इस्तेमाल रॉड के साथ पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पहले पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन महिला की मौत के बाद अब हत्या की धारा जोड़ दी गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।