रायपुर के टाटीबंध इलाके में स्थित एक होटल में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार बालोद निवासी उमेश नामक युवक ने 30 जून की दोपहर होटल सेंट्रल की पहली मंजिल पर एक कमरा किराए पर लिया था।
होटल स्टाफ के अनुसार, उमेश शाम करीब 7 बजे कमरे से बाहर निकला था, लेकिन इसके बाद वह दोबारा कमरे में चला गया और फिर बाहर नहीं आया। जब दो दिनों तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो कर्मचारियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और अंदर उमेश की लाश पंखे से लटकी हुई पाई। शव के पास एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें युवक ने लिखा कि वह काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और आगे की जांच में जुट गई है।
अगर आपको या आपके किसी परिचित को मानसिक सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया नजदीकी काउंसलर या हेल्पलाइन से संपर्क करें।