Home Chhattisgarh news रायपुर: गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद पर डीजे व पटाखों पर रोक, सीसीटीवी से होगी निगरानी, पुलिस ने बनाई सख्त रणनीति

रायपुर: गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद पर डीजे व पटाखों पर रोक, सीसीटीवी से होगी निगरानी, पुलिस ने बनाई सख्त रणनीति

0
रायपुर: गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद पर डीजे व पटाखों पर रोक, सीसीटीवी से होगी निगरानी, पुलिस ने बनाई सख्त रणनीति

त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। आगामी गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूसों में डीजे और पटाखों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यह निर्णय सोमवार को हुई शांति समिति की बैठक में लिया गया।

बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे और एएसपी लखन पटले ने समाज के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि दोनों पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए जाएं, लेकिन शांति और भाईचारा सबसे अहम होना चाहिए। इस दौरान एएसपी ट्रैफिक प्रशांत शुक्ला और कई विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।

डीजे और पटाखों पर सख्त पाबंदी

पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि जुलूस निर्धारित समय पर ही निकाले जाएंगे और कहीं भी डीजे का इस्तेमाल नहीं होगा। इसके अलावा इस बार जुलूसों में पटाखों की अनुमति भी नहीं दी जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही रूट तय कर लिए हैं।

हुड़दंगियों पर होगी कार्रवाई

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि त्योहारों में उपद्रव या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शांति समिति और स्थानीय नागरिकों के साथ लगातार बैठकें करें, ताकि हर स्तर पर निगरानी बनी रहे।

चौक-चौराहों पर पुलिस बल और सीसीटीवी निगरानी

त्योहारों के दौरान शहर के सभी मुख्य चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही, हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

अधिकारियों ने अपील की कि गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद दोनों पर्व मिलजुलकर मनाए जाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशी में शांति और सुरक्षा का ध्यान रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।