छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र के बिरोदा गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव के निवासी भूखन ध्रुव (62) और उनकी पत्नी रुक्मणी ध्रुव (60) की उनके ही घर में हत्या कर दी गई। दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले — भूखन की लाश पलंग पर, जबकि रुक्मणी की लाश ज़मीन पर पड़ी थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों की हत्या धारदार हथियार से की गई है। शवों पर गहरे घाव और चोटों के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से खून के धब्बे और बिखरे हुए सामान मिले हैं, जिससे घर में संघर्ष के संकेत मिलते हैं।

जांच के लिए क्राइम ब्रांच, एफएसएल यूनिट, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। पुलिस को शक है कि यह हत्या किसी परिचित व्यक्ति ने की है।
जानकारी के मुताबिक, भूखन ध्रुव खेती किसानी से जुड़े थे और किसी दूसरे किसान के खेत में कीटनाशक छिड़कने का काम करते थे। जब वह बुधवार को काम पर नहीं पहुंचे, तो खेत मालिक उन्हें देखने आया। दरवाजा खुला मिला और अंदर घुसते ही उसने दोनों की लाशें देखीं, जिसके बाद तुरंत सरपंच और फिर पुलिस को सूचना दी गई।

भूखन और रुक्मणी के तीन बच्चे हैं — दो बेटियां जिनकी शादी हो चुकी है (एक धमतरी और दूसरी पाटन में), जबकि बेटा रायपुर में रहता है। फिलहाल, पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस इस हत्याकांड की हर एंगल से जांच कर रही है, और पास-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ शुरू हो चुकी है।