छत्तीसगढ़ के रायपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर को NASA International Space Apps Challenge 2025 के लिए आधिकारिक लोकल नोडल सेंटर के रूप में नामित किया गया है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्तर की हैकथॉन प्रतियोगिता 4 और 5 अक्टूबर को वर्चुअल माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिसमें 150 से अधिक देशों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, जलवायु परिवर्तन और डीप स्पेस मिशन जैसी जटिल वैश्विक चुनौतियों पर काम करने का मौका मिलेगा। हर वर्ष करीब 40,000 प्रतिभागी इसमें भाग लेते हैं, जिससे यह दुनिया का सबसे बड़ा स्पेस हैकथॉन बन चुका है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, सिस्टम थिंकिंग और साइंटिफिक स्टोरीटेलिंग जैसे आधुनिक कौशलों को विकसित करने का अवसर मिलेगा। विजेता टीमों को नासा द्वारा सर्टिफिकेट, मेंटरशिप और भविष्य की परियोजनाओं में भागीदारी का सुनहरा मौका भी दिया जा सकता है।
NIT रायपुर ने राज्यभर के कॉलेजों और संस्थानों से अपील की है कि वे छात्रों को इस वैश्विक आयोजन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, जिससे छत्तीसगढ़ की उपस्थिति अंतरराष्ट्रीय मंच पर और अधिक मजबूत हो सके।