छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र में एक पत्थर खदान से युवक की सड़ी-गली लाश बरामद हुई है। यह शव एक बोरी में बंद हालत में पानी में तैरता मिला। जानकारी के मुताबिक, घटना 24 जुलाई की शाम की है जब बेंद्री गांव स्थित पत्थर खदान के पानी में एक बोरी तैरती दिखी। लोगों को बोरी से बाहर निकला एक पैर नजर आया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी को बाहर निकलवाया और पाया कि उसमें एक युवक की लाश है। शव की पहचान कायाबांधा निवासी दिनेश मानिकपुरी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शव करीब 3-4 दिन पुराना है और सिर व गले पर गहरी चोटों के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव पूरी तरह सड़ चुका है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और क्राइम ब्रांच की टीमें भी जांच में जुट गई हैं। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पूरी जानकारी मिल सकेगी।
फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।