छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में पिछले कुछ हफ्तों से लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सामान्यतः यहां हर हफ्ते 60,000 से 65,000 यात्री सफर करते हैं, लेकिन बीते पखवाड़े में यह संख्या लगभग 9,855 यात्रियों तक घट गई है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी से मिली जानकारी के मुताबिक, 2 से 8 जून के बीच 62,500 यात्रियों ने सफर किया था, जो 9 से 15 जून के बीच घटकर 60,283 रह गया। इसके बाद 16 से 22 जून के बीच और गिरावट देखने को मिली और यह संख्या घटकर 52,645 रह गई। यानी कुल मिलाकर यात्री संख्या में 12.67% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि सामान्यतः यह अंतर 2-5% तक ही रहता है।
इस गिरावट का असर हवाई किरायों पर भी पड़ा है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे बड़े शहरों के लिए किराए में कमी देखी जा रही है। अभी दिल्ली के लिए किराया 6500 से 8500, मुंबई के लिए 6000 से 7500, कोलकाता के लिए 6500 से 7500 और चेन्नई के लिए 7500 से 8500 रुपये तक है, जो पहले की तुलना में कम है।
मानसून और पर्यटन पर असर
ट्रैवल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TAFI) के प्रदेश अध्यक्ष रमन जादवानी ने बताया कि देशभर में मानसूनी बारिश के चलते पर्यटन स्थलों की बुकिंग लगभग बंद हो गई है। पर्यटक इस मौसम में यात्रा करने से बच रहे हैं, जिससे ट्रैवल एजेंसियों का कारोबार प्रभावित हुआ है।
त्योहारों से बढ़ेगी रफ्तार
फिलहाल लोग केवल जरूरी कामकाज या आपात स्थितियों में ही यात्रा कर रहे हैं। हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि रक्षाबंधन और गणेश चतुर्थी जैसे त्योहारों के आते ही यात्रियों की संख्या में फिर से तेजी आएगी और किराए भी बढ़ सकते हैं।
दिल्ली के लिए सबसे अधिक उड़ानें
रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सबसे अधिक 6 उड़ानें रोजाना संचालित होती हैं — इनमें 4 इंडिगो और 2 एयर इंडिया की फ्लाइट शामिल हैं। रोजाना दिल्ली के लिए 1500 से 1800 यात्री सफर करते हैं। वहीं, मुंबई और हैदराबाद के लिए कुल 7 उड़ानों से औसतन 2000 यात्री यात्रा कर रहे हैं।