छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन भंडारण में पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। मानसून की शुरुआत को देखते हुए शासन ने जून, जुलाई और अगस्त के लिए तीन महीने का चावल पहले से ही उचित मूल्य दुकानों में संग्रहित कर वितरण के निर्देश दिए थे। इस आदेश का सबसे बेहतर पालन रायगढ़ जिले में किया गया है।
जिले में कुल 664 शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में से केवल रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में ही 62 दुकानें संचालित हो रही हैं। इन दुकानों से लाखों हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण किया जाता है।
बारिश के मौसम में वितरण में किसी भी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए समय से पूर्व ही भंडारण कार्य पूर्ण कर लिया गया। नागरिक आपूर्ति निगम ने खाद्य विभाग के सहयोग से जिले की सभी दुकानों में खाद्यान्न भंडारित कर वितरण कार्य भी प्रारंभ कर दिया। जून माह के पूर्व ही वितरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी, और अब तक लगभग 80% वितरण भी हो चुका है।
सरकारी पोर्टल में भंडारण की स्थिति के आधार पर रायगढ़ को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। भंडारण की यह व्यवस्था एक तरफ खरीफ सीजन में खरीदे गए धान के शीघ्र निपटान में सहायक होगी, तो वहीं दूसरी ओर लाभार्थियों को समय पर जून-जुलाई-अगस्त 2025 के लिए राशन उपलब्ध हो पाएगा। इससे “चावल उत्सव” भी समय पर और व्यवस्थित ढंग से मनाया जा सकेगा।