Home Chhattisgarh news रायगढ़ में पुलिस जवानों का नशे में हंगामा, दो वीडियो वायरल: ऑटो चालक से भिड़े, मोहल्ले में गाली-गलौज

रायगढ़ में पुलिस जवानों का नशे में हंगामा, दो वीडियो वायरल: ऑटो चालक से भिड़े, मोहल्ले में गाली-गलौज

0
रायगढ़ में पुलिस जवानों का नशे में हंगामा, दो वीडियो वायरल: ऑटो चालक से भिड़े, मोहल्ले में गाली-गलौज

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले दो वीडियो सामने आए हैं, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में वर्दीधारी जवान शराब के नशे में न सिर्फ आम लोगों से उलझते दिखाई दे रहे हैं, बल्कि सार्वजनिक जगहों पर गाली-गलौज करते भी देखे गए।

केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में बटालियन जवानों का बवाल

पहला वीडियो रविवार को सामने आया, जिसमें छठवीं बटालियन के दो जवान नशे की हालत में केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड पहुंचे। वहां मौजूद एक ऑटो चालक से किसी बात पर उनकी बहस हो गई। देखते ही देखते बात बढ़ गई और दोनों जवानों ने ऑटो चालक से जमकर गाली-गलौज की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जवानों में से एक का पैर लड़खड़ा रहा था और दोनों पूरी तरह नशे में धुत थे। वहां मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया। हंगामे के बाद दोनों जवान वहां से चले गए, तब जाकर स्थिति शांत हो पाई।

रामभांठा मोहल्ले में शराब के नशे में गालीबाजी

दूसरा वीडियो शनिवार का है, जिसमें चक्रधरनगर थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी शराब के नशे में रामभांठा मोहल्ले में अशोभनीय भाषा का प्रयोग करता दिखा। उसकी हरकतों से परेशान स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि उक्त पुलिसकर्मी पूर्व में भी इस तरह की हरकत कर चुका है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि इस बार उसकी बदतमीजी का स्तर बढ़ गया था, लेकिन उन्होंने संयम से उसे समझाकर रवाना किया।

जांच के आदेश, कार्रवाई तय

इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच के निर्देश दिए हैं। डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि वायरल वीडियो की पुष्टि होते ही विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया दोनों ही मामलों में जवानों के नशे में होने की आशंका है। जांच पूरी होने के बाद दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।