Home Chhattisgarh news Bilaspur news बिलासपुर में हाईटेक नकल का पर्दाफाश: अंडरगारमेंट में कैमरा छिपाकर PWD परीक्षा में उत्तर भेज रही थी छात्रा, बाहर बैठी बहन वॉकी-टॉकी से बता रही थी जवाब

बिलासपुर में हाईटेक नकल का पर्दाफाश: अंडरगारमेंट में कैमरा छिपाकर PWD परीक्षा में उत्तर भेज रही थी छात्रा, बाहर बैठी बहन वॉकी-टॉकी से बता रही थी जवाब

0
बिलासपुर में हाईटेक नकल का पर्दाफाश: अंडरगारमेंट में कैमरा छिपाकर PWD परीक्षा में उत्तर भेज रही थी छात्रा, बाहर बैठी बहन वॉकी-टॉकी से बता रही थी जवाब

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में PWD की सब-इंजीनियर भर्ती परीक्षा में हाईटेक तकनीक से नकल करने का मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामदुलारे शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल में रविवार को हुई इस परीक्षा में एक युवती ने अपने अंडरगारमेंट्स में स्पाई कैमरा छिपाकर अंदर ले जाकर पेपर की तस्वीरें बाहर भेजीं। बाहर खड़ी उसकी बहन वॉकी-टॉकी और टैबलेट की मदद से उसे गूगल से उत्तर खोजकर बता रही थी।

इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा NSUI नेता विकास सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्र तक टैक्सी बुक करने के दौरान ही टैक्सी ड्राइवर को युवतियों की हरकतों पर शक हुआ। कार में डिवाइस निकालते देख ड्राइवर ने उनका साथ छोड़ दिया और पूरे मामले की जानकारी NSUI नेताओं को दे दी।

इसके बाद NSUI कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवतियों को रंगे हाथों पकड़कर वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे और कांग्रेस नेताओं ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पूरे प्रकरण में सख्त कार्रवाई की मांग की।

क्या था पूरा मामला?
PWD में असिस्टेंट इंजीनियर के 113 पदों के लिए प्रदेशभर में परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 14 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। बिलासपुर के रामदुलारे दुबे स्कूल में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यहां जशपुर की रहने वाली परीक्षार्थी अनु सूर्या ने अपने अंडरगार्मेंट्स में कैमरा छिपाकर पेपर को स्कैन किया और बाहर खड़ी अपनी बहन अनुराधा को भेजा।

अनुराधा ऑटो में बैठकर टैबलेट और वॉकी-टॉकी से पेपर के उत्तर खोजकर अंदर बैठे अनु को बता रही थी। पूछताछ में पता चला कि दोनों बहनों ने ऑनलाइन ये हाईटेक डिवाइसेज खरीदे थे।

FIR दर्ज, उपकरण जब्त
परीक्षा केंद्र के प्रभारी और NSUI नेताओं की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने दोनों बहनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। उनके पास से माइक्रो ईयरफोन, वॉकी-टॉकी, टैबलेट, वायरलेस रिसीवर और कैमरा जब्त कर लिया गया है।

थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि नकल करने में इस्तेमाल सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त कर लिए गए हैं और प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि युवतियों ने ये डिवाइस ऑनलाइन खरीदे थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कहीं इस पूरी घटना के पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।

NSUI ने सरकार पर साधा निशाना
NSUI नेताओं का आरोप है कि यह कोई एकल मामला नहीं है, बल्कि प्रदेश के अन्य केंद्रों में भी इस तरह की गड़बड़ी हो सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और संरक्षण के कारण इस तरह की नकल हो रही है। NSUI की मांग है कि परीक्षा केंद्र प्रभारी और सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मचारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए।