Home Chhattisgarh news खरोरा में पोला पर्व की तैयारियां शुरू, महंगाई की मार से फीका पड़ा उत्साह

खरोरा में पोला पर्व की तैयारियां शुरू, महंगाई की मार से फीका पड़ा उत्साह

0
खरोरा में पोला पर्व की तैयारियां शुरू, महंगाई की मार से फीका पड़ा उत्साह

रायपुर। किसानों का प्रमुख पर्व पोला इस वर्ष 23 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा। भाद्रपद मास की अमावस्या को मनाए जाने वाले इस त्योहार की तैयारियां खरोरा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जोरों पर हैं। परंपरागत रूप से यह त्योहार फसलों की निंदाई-कुड़ाई पूरी होने और फसल की बढ़वार की खुशी में मनाया जाता है। इस दिन किसान अपने बैलों की पूजा करते हैं और घर-घर में मिट्टी के नंदिया बैल सजाकर उन्हें पूजित किया जाता है।

खरोरा के साप्ताहिक बाजार में सोमवार को काफी रौनक रही। कुम्हारों ने मिट्टी से बने नंदिया बैल और पूजा सामग्री के खिलौने बाजार में सजाए। सुबह से ही नगर के नागरिक और आसपास के गांवों के लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। खुले मौसम का फायदा उठाते हुए बाजार दिनभर गुलजार रहा।

हालांकि इस बार त्योहार की तैयारियों पर महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है। कुम्हारों के अनुसार पेंट और वार्निश की कीमतें बढ़ने से खिलौनों और नंदिया बैलों की लागत बढ़ गई है, जिसके चलते दाम भी बढ़ाने पड़े हैं। इस साल मिट्टी के बैल की कीमत 80 से 90 रुपए तक पहुंच गई है। पिछले सालों की तुलना में बिक्री में गिरावट दर्ज की जा रही है।

विक्रेताओं का कहना है कि पहले लोग त्योहार पर उत्साह के साथ दर्जनों नंदिया बैल और सजावटी सामान खरीदते थे, लेकिन अब महंगाई के चलते लोग खर्च से बच रहे हैं। कई लोग केवल पूजा के लिए एक या दो बैल तक ही खरीद रहे हैं।

त्योहार की नजदीकियां बाजार में हलचल जरूर बढ़ा रही हैं, लेकिन खरीदारों की सीमित मांग से कारोबारियों की चिंता भी बढ़ गई है। ऐसे में परंपरा और आस्था से जुड़ा यह पर्व इस बार महंगाई की वजह से थोड़ा फीका नजर आ रहा है।