Home Chhattisgarh news Bilaspur news बिलासपुर में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का मामला, सात गिरफ्तार

बिलासपुर में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का मामला, सात गिरफ्तार

0
बिलासपुर में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का मामला, सात गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में धर्मांतरण का एक और मामला उजागर हुआ है। आरोप है कि प्रार्थना सभा के नाम पर हिंदू परिवारों को लालच देकर बुलाया गया और उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों ने वहां पहुंचकर हंगामा किया और पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पास्टर समेत सात लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

घटना ग्राम भदौरा निवासी बाबा शर्मा उर्फ पुर्णेनंद्र शर्मा और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं की सूचना पर सामने आई। जानकारी के अनुसार, पेंड्री स्थित संदीपनी स्कूल के पास पोल्ट्री फार्म में बुधवार को सभा आयोजित की गई थी, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों को इकट्ठा किया गया था।

टीआई हरीश तांडेकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापामार कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि पास्टर संजीव कुमार सूर्यवंशी और उसके सहयोगी लोगों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण की ओर उकसा रहे थे। पुलिस ने वहां से बड़ी संख्या में बाइबिल और डायरी जब्त की।

बाबा शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने पास्टर और उसके साथियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

हिंदू संगठनों का कहना है कि आरोपियों ने हिंदू महिलाओं और बच्चों को इलाज और बेहतर जीवन का लालच देकर सभा में बुलाया था। विरोध होने पर आरोपियों और संगठन से जुड़े लोगों के बीच बहस और विवाद भी हुआ।