रायपुर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूट और चैन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एक बुजुर्ग और एक महिला को शिकार बनाया गया।
पहली वारदात डीडी नगर इलाके की है, जहां रोहिणीपुरम तालाब के पास तीन अज्ञात लुटेरे एक ई-रिक्शा में सवार होकर बुजुर्ग व्यक्ति से मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। पीड़ित बुजुर्ग अपने बेटे को अस्पताल में भर्ती कराकर लौट रहे थे। लुटेरों ने ई-रिक्शा चालक का मोबाइल भी छीना और मौके से भाग निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है।
दूसरी घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। यहां सब्जी खरीदने आई एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली, जिसकी कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। झपटमारी के दौरान महिला के गले में चोट भी आई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।
दोनों मामलों में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि लुटेरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।