रायपुर की ट्रैफिक समस्या को कम करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक नई योजना तैयार की है। इसके तहत आरंग के पारागांव से बिलासपुर के दर्री तक 95 किलोमीटर लंबी सिक्स लेन सड़क बनाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 3,800 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
नई सड़क बनने से विशाखापट्टनम की ओर से आने वाले वाहन सीधे बिलासपुर निकल जाएंगे और रायपुर शहर के ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। इससे रोजाना करीब 30 से 35 हजार वाहनों का बोझ शहर से हटेगा और यात्रियों का लगभग आधा घंटा बचेगा।
अधिकारियों के मुताबिक, सड़क निर्माण के लिए पहले जमीन अधिग्रहण का सर्वे होगा। इसमें यह तय किया जाएगा कि कितनी निजी और सरकारी जमीन ली जाएगी और कितने पेड़ सड़क की जद में आएंगे। सर्वे के बाद डीपीआर तैयार कर एनएचएआई मुख्यालय भेजी जाएगी। मंजूरी मिलने पर निर्माण के लिए टेंडर जारी होगा।
वर्तमान में रायपुर से बिलासपुर की दूरी करीब 127 किलोमीटर है, जिसे तय करने में दो घंटे तक लग जाते हैं। लेकिन नई सड़क तैयार होने के बाद यह सफर दो घंटे से भी कम में पूरा हो सकेगा।
अभी विशाखापट्टनम से आने वाले वाहन विधानसभा जीरो प्वाइंट, धनेली ओवरब्रिज और वीआईपी टर्निंग होकर बिलासपुर जाते हैं। इस कारण सुबह और शाम पीक आवर्स में तेलीबांधा चौक, महावीर नगर और छेरीखेड़ी क्षेत्र में जाम की स्थिति बन जाती है।
ट्रैफिक डीएसपी सतीश सिंह ठाकुर का कहना है कि नई सड़क बनने से न केवल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था आसान होगी बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी।
रीजनल ऑफिसर प्रदीप कुमार लाल ने बताया कि एनएचएआई जल्द ही सर्वे शुरू करेगा, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।