साय कैबिनेट में शामिल हुए नए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में वे साउथ की फिल्म का डायलॉग बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं— “पॉवर कुर्सी में नहीं, उस पर बैठने वाले में होती है… और जो बैठा है वही पूरा पावर हाउस है।” इस वीडियो को कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा करते हुए तंज कसा कि “भाजपा के नए मंत्री का पुराने मंत्रियों को प्यार भरा संदेश।”
खास बात यह है कि गुरु खुशवंत ने बुधवार को ही मंत्री पद की शपथ ली थी और उसके अगले ही दिन यह वीडियो वायरल हुआ। कांग्रेस के तंज के बाद मंत्री ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह वीडियो करीब 5 साल पुराना है और इसे जानबूझकर दुर्भावनावश शपथ ग्रहण के दिन वायरल किया गया। उन्होंने इसे कांग्रेस की “ओछी राजनीति” बताया।
वीडियो में खुशवंत साहेब मूंछों पर ताव देते हुए फिल्मी अंदाज में डायलॉग बोलते दिखाई दे रहे हैं। इस पर मंत्री का कहना है कि कांग्रेस ने हमेशा सतनामी समाज का अपमान किया है, जबकि बीजेपी समाज को सम्मान और प्रतिनिधित्व दे रही है। यही कारण है कि कांग्रेस इस तरह की हरकत कर रही है।
स्कूटी से मंदिर पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल
दूसरी ओर, नए मंत्री राजेश अग्रवाल भी चर्चा में आ गए जब वे पदभार मिलने के अगले ही दिन अपनी स्कूटी से बिना किसी सुरक्षा घेरे के मंदिर पहुंच गए। लखनपुर स्थित अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर प्राचीन शिव मंदिर में उन्होंने पूजा-अर्चना की और फिर स्कूटी से ही वापस लौट आए।
रास्ते में अग्रवाल लोगों से मिलते-जुलते और अभिवादन करते नजर आए। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के साधारण कार्यकर्ता हैं और संगठन जो जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उसी दिशा में काम कर रहे हैं।
उन्होंने साफ किया कि उनका रोजाना का रूटीन मंदिर जाने का है और वे आगे भी स्कूटी से ही जाते रहेंगे। उनके अनुसार, गांव में प्रोटोकॉल की जरूरत नहीं होती।