रायपुर के खमतराई इलाके में ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। संन्यासीपारा निवासी अंकुश सिंह को देर रात एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक एस्कॉर्ट एजेंसी का एजेंट बताया और दावा किया कि अंकुश ने एक कॉलगर्ल बुक की है।
जब अंकुश ने इससे इनकार किया, तो आरोपी ने उसे कॉलगर्ल से बातचीत का हवाला देकर धमकाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद अंकुश के मोबाइल पर एक और नंबर से मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि उसके बैंक खाते में 13 हजार रुपए जमा किए गए हैं। इस फर्जी ट्रांजैक्शन मैसेज को आधार बनाकर आरोपी ने कहा कि यह राशि लड़कियों को भेजने की फीस के रूप में दी गई है और अब उसे भुगतान करना होगा।
ब्लैकमेलिंग के चलते डरे-सहमे युवक ने आरोपी के बताए गए बैंक खातों में किस्तों में पैसे भेजना शुरू कर दिया। कुल 11 बार में उसने लगभग 91 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। आरोपी इतने पर भी नहीं रुका और अधिक रकम की मांग करने लगा।
थक-हारकर अंकुश ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला ऑनलाइन ठगी के बदलते रूप को उजागर करता है, जिसमें डर और भ्रम का सहारा लेकर लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे हैं।