Home Chhattisgarh news रायपुर में युवक की हत्या के बाद मछली-शराब पार्टी, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में युवक की हत्या के बाद मछली-शराब पार्टी, 6 आरोपी गिरफ्तार

0
रायपुर में युवक की हत्या के बाद मछली-शराब पार्टी, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में पैसों के विवाद के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत नष्ट करने के साथ मछली और शराब की पार्टी भी की।

मृतक की पहचान 28 वर्षीय गिरिजा शंकर, निवासी ग्राम भोथली, के रूप में हुई है, जो राजमिस्त्री का काम करता था। 11 अगस्त को वह घर से काम पर निकला था, लेकिन बीच में ही काम छोड़कर चला गया। उसे आखिरी बार उसके साथी मधुसूदन लोधी के साथ देखा गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर मधुसूदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया।

मधुसूदन ने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर गिरिजा शंकर उससे अक्सर गाली-गलौज करता था और उसकी पत्नी के सामने भी अपमानित करता था। इससे परेशान होकर उसने पांच अन्य युवकों — डिगेश्वर लोधी, अजय निशांत, नीलकंठ लोधी, जयप्रकाश लोधी और कमल लोधी — को पैसे का लालच देकर हत्या की योजना बनाई।

योजना के तहत मधुसूदन ने गिरिजा शंकर को शराब पीने के बहाने राटाकाट रोड स्थित नहर किनारे बुलाया, जहां बाकी आरोपी पहले से मौजूद थे। सभी ने साथ मिलकर शराब पी और फिर गमछे से गिरिजा शंकर का गला घोंट दिया। बाद में गमछे को जला दिया और मोबाइल तोड़कर तालाब में फेंक दिया। हत्या के बाद मधुसूदन ने सभी को मछली और शराब की दावत दी।

12 अगस्त की सुबह पुलिस को आरंग-राटाकाट रोड पर झाड़ियों में लाश मिली, जिसके चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। थोड़ी दूरी पर मृतक की बाइक भी बरामद हुई। जांच में पुलिस ने छहों आरोपियों को गिरफ्तार कर दो बाइक और एक मोबाइल जब्त किया है।