छत्तीसगढ़ में मानसून अब तेज़ी पकड़ चुका है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के 14 जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बस्तर और बीजापुर में हल्की बारिश के आसार हैं।
दंतेवाड़ा में 28 मई से ठहरा मानसून अब आगे बढ़ने को तैयार है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 15 जून तक पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो सकता है। इसके बाद राज्यभर में समान रूप से वर्षा होने की उम्मीद है, जिससे किसानों और आम लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलेगी।
गर्मी बरकरार, लेकिन उमस कर रही परेशान
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री रहा। हालांकि बारिश की संभावना से लोगों को उमस से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
बारिश में अब भी बड़ी कमी
1 जून से अब तक प्रदेश में सिर्फ 13.4 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 39.3 मिमी होना चाहिए था। यानी अब तक 66% कम वर्षा हुई है। हालांकि रायपुर में बारिश की स्थिति थोड़ी बेहतर है—यहां अब तक 25.1 मिमी पानी गिर चुका है, जो सामान्य से मात्र 6% कम है।
इस साल मानसून की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन अब इसकी रफ्तार बढ़ रही है। अगर यह गति बनी रही, तो आने वाले दिनों में अच्छी वर्षा की उम्मीद की जा सकती है।