Home Chhattisgarh news मेडिकल कॉलेज प्रबंधन अब तलाश रहा किराए का हॉस्टल

मेडिकल कॉलेज प्रबंधन अब तलाश रहा किराए का हॉस्टल

0
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन अब तलाश रहा किराए का हॉस्टल

रायपुर पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर के छात्रों को फिलहाल हॉस्टल की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में कॉलेज प्रबंधन अब किराए पर बड़ा मकान खोजने में जुट गया है। बुधवार को इसके लिए नोटिस जारी करते हुए 1 सितंबर तक 200 छात्रों के लिए सभी सुविधाओं से युक्त मकान का प्रस्ताव आमंत्रित किया गया है।

फिलहाल एमबीबीएस के पहले साल के लिए करीब 160-170 छात्रों को हॉस्टल की आवश्यकता है। अब तक 139 छात्रों का एडमिशन भी हो चुका है, लेकिन नया हॉस्टल तैयार नहीं हुआ है। पहले विधायक विश्राम गृह को हॉस्टल बनाने की योजना थी, मगर शासन ने मंजूरी नहीं दी।

छात्रों पर महंगे किराए का बोझ

वर्तमान में छात्रों को देवेंद्रनगर और आसपास निजी मकानों में रहना पड़ रहा है, जहां उन्हें 5 से 8 हजार रुपये तक किराया देना पड़ रहा है। कॉलेज में 230 एमबीबीएस सीटें हैं और पुराना हॉस्टल तोड़कर नया बनाया जा रहा है, लेकिन उसका काम अधूरा है।

डीन डॉ. विवेक चौधरी की अगुवाई में प्रबंधन ने फुंडहर स्थित कार्यरत महिलाओं के हॉस्टल और देवेंद्रनगर के कई भवनों का निरीक्षण भी किया, लेकिन कोई ठिकाना उपयुक्त नहीं मिला।

अधूरी योजनाएं बनी परेशानी

पुराने स्वास्थ्य संचालनालय की बिल्डिंग को हॉस्टल में बदलने का प्रस्ताव भी अधूरा रह गया। वहां अब तहसील कार्यालय शिफ्ट हो चुका है। डीएमई कार्यालय नवा रायपुर स्थानांतरित होने के बाद इस भवन को छात्रों के लिए उपयोगी बनाने की योजना बनी थी, लेकिन फिलहाल इसका कुछ हिस्सा नर्सिंग काउंसिल और पैरामेडिकल कोर्स कार्यालय के लिए उपयोग हो रहा है।

समाधान की तलाश जारी

अब कॉलेज प्रबंधन ने आसपास के क्षेत्र में किराए पर बड़ा मकान लेकर उसे हॉस्टल के रूप में विकसित करने का विकल्प तलाशना शुरू किया है। डॉ. चौधरी ने कहा कि छात्रों को असुविधा से बचाने के लिए जल्द ही समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।