Home Chhattisgarh news मेडिकल कॉलेज ने रद्द की फिजियोथेरेपिस्ट भर्ती, अब तक नहीं हुई नई नियुक्ति

मेडिकल कॉलेज ने रद्द की फिजियोथेरेपिस्ट भर्ती, अब तक नहीं हुई नई नियुक्ति

0
मेडिकल कॉलेज ने रद्द की फिजियोथेरेपिस्ट भर्ती, अब तक नहीं हुई नई नियुक्ति

रायपुर। पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज द्वारा फिजियोथेरेपिस्ट के संविदा पदों पर की जा रही भर्ती को प्रबंधन ने अचानक रद्द कर दिया है। बीते साल दिसंबर में वॉक-इन इंटरव्यू के जरिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसमें एक पद के लिए 37 उम्मीदवार पहुंचे थे। हालांकि, मेरिट के आधार पर चयन की उम्मीद के बीच प्रबंधन ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए भर्ती को रद्द कर दिया।

इसके अलावा, डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भी चार संविदा पदों पर भर्ती के लिए नवंबर 2024 में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इन पदों के लिए 163 आवेदन आए थे, जिनमें से 136 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। सभी आपत्तियों के निपटारे के बावजूद चयन सूची जारी नहीं हो सकी, क्योंकि मामला अब हाईकोर्ट में लंबित है।

फिजियोथेरेपिस्ट के पदों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आने का एक मुख्य कारण यह भी है कि संविदा पर कार्यरत फिजियोथेरेपिस्ट को ₹52,000 मासिक वेतन दिया जाता है, जो नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ में सर्वाधिक है। चार में से दो पद सामान्य वर्ग, एक अनुसूचित जनजाति (एसटी) और एक अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित हैं।

गौरतलब है कि अस्पताल प्रबंधन ने पहले कार्यरत चार फिजियोथेरेपिस्ट (सभी सामान्य वर्ग से) की सेवाएं समाप्त कर 16 जुलाई से नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू की थी। लेकिन अब तक नियुक्ति नहीं हो पाने की वजह से डीकेएस अस्पताल के मरीजों की फिजियोथेरेपी की सुविधा आंबेडकर अस्पताल से कराई जा रही है, जिससे वहां मरीजों का दबाव काफी बढ़ गया है।