छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित देवभोग शाखा में एक गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्था सेटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड में काम करने वाले शाखा प्रबंधक द्वारा 6 लाख से अधिक की गबन का मामला सामने आया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी उमाकांत पूरी (उम्र 30 वर्ष), जो ग्राम भिलाईगढ़, थाना सरायपाली का निवासी है, ने अपने कार्यकाल के दौरान महिला समूहों को दिए गए ऋण की रकम को संस्था के खाते में जमा नहीं किया, बल्कि निजी खर्चों में खर्च कर दिया।
कंपनी में डीआईएम पद पर कार्यरत शिकायतकर्ता ने 24 जुलाई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि जनवरी 2023 से फरवरी 2025 तक उमाकांत पूरी देवभोग शाखा में बतौर शाखा प्रबंधक पदस्थ था। उसके जिम्मे महिला समूहों को लोन देना और उनके द्वारा चुकाई गई राशि की वसूली करना था।
पुलिस जांच में सामने आया कि 1 मई 2024 से 20 मार्च 2025 के बीच कई महिलाएं शाखा में आकर या फिर फोन-पे के माध्यम से आरोपी को लोन की राशि लौटाती रहीं। लेकिन उमाकांत ने यह राशि संस्था के खाते में जमा नहीं की। कुल ₹6,54,802 की रकम उसने गबन की।
अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में शामिल कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।