छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत जुलाई माह की 17वीं किस्त जारी कर दी है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, इस बार प्रदेश की 69,23,167 महिलाओं के खातों में कुल 647.66 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है।
पिछले महीने यानी जून में यह लाभ 69,30,041 महिलाओं को दिया गया था, जबकि इस बार सूची से करीब 7 हजार महिलाओं के नाम हटाए गए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, योजना शुरू होने से अब तक लगभग 90 हजार महिलाओं को विभिन्न कारणों से सूची से बाहर किया जा चुका है, जिनमें से 48 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु की पुष्टि के बाद उनका नाम हटाया गया है।
आधार अपडेट न होना बना प्रमुख कारण
विभाग ने यह भी बताया कि कई लाभार्थी महिलाओं के आधार कार्ड इनएक्टिव या अपडेट न होने के कारण उन्हें योजना की राशि नहीं मिल पा रही है। सरकार की ओर से महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे अपना आधार कार्ड अपडेट कराएं। गौरतलब है कि हर 10 साल में आधार अपडेट कराना अनिवार्य है, जिससे अब तक कई लोग अनजान हैं।
पोर्टल फिर से खोले जाने का इंतजार
सरकार की ओर से यह जानकारी भी दी गई कि राज्य की लाखों महिलाएं अभी भी योजना से वंचित हैं, जो पहले पंजीयन नहीं करा सकीं थीं। इनमें से कई महिलाएं अब पात्र हो चुकी हैं और उन्हें योजना में शामिल होने का इंतजार है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पंजीयन पोर्टल को दोबारा खोलने की घोषणा की है, जिसका लाभार्थी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।