रायपुर |छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के क्रम में 17वीं किस्त जारी कर दी है। इस बार प्रदेश की 69.23 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ₹647.66 करोड़ की राशि ट्रांसफर की गई है। यह योजना राज्य में महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
इस माह 7 हजार महिलाओं को लिस्ट से हटाया गया
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, पिछले महीने की तुलना में इस बार करीब 7 हजार महिलाओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। जून में जहां 69,30,041 महिलाओं को किस्त जारी की गई थी, वहीं जुलाई में यह संख्या घटकर 69,23,167 रह गई है।
अब तक 90 हजार महिलाओं के नाम हटाए गए
योजना की शुरुआत से लेकर अब तक लगभग 90 हजार महिलाओं के नाम हटाए जा चुके हैं। इसमें से करीब 48 हजार महिलाएं ऐसी थीं जिनकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके अलावा, कुछ महिलाओं ने एक से अधिक बार पंजीकरण कराया था या फिर आधार कार्ड निष्क्रिय पाए गए थे। कुछ लाभार्थी सरकारी सेवा में होने के बावजूद योजना का लाभ ले रही थीं, जिनके खिलाफ वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
योजना का लाभ किसे मिलता है?
इस योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को हर माह ₹1000 की सहायता राशि दी जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मार्च 2024 को वाराणसी से इस योजना की शुरुआत की थी, और पहले ही चरण में 70 लाख से अधिक महिलाओं को पहली किस्त जारी की गई थी।
आधार अपडेट कराने की अपील
महिला एवं बाल विकास विभाग ने महिलाओं से आधार कार्ड अपडेट कराने की अपील की है। विभाग ने बताया कि 10 साल पुराने आधार कार्ड इनएक्टिव हो सकते हैं, जिससे भुगतान में रुकावट आती है।
लाखों महिलाएं अभी भी योजना से वंचित
वर्तमान में कई महिलाएं योजना का लाभ नहीं ले पा रही हैं क्योंकि वे पहले पंजीकरण नहीं करवा सकीं। कुछ महिलाएं पात्र होने के बावजूद अब तक लाभ से वंचित हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पंजीयन पोर्टल दोबारा खोलने की घोषणा की है, ताकि छूट गई महिलाएं योजना में शामिल हो सकें।