रायपुर (आरंग)। आरंग ब्लॉक के पारागांव स्थित नेशनल हाईवे-53 पर बने महानदी पुल से सोमवार सुबह एक शादीशुदा महिला के कूदने की आशंका जताई गई। राहगीरों को पुल पर खड़ी स्कूटी और रेलिंग में बंधा दुपट्टा मिला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी अभियान के दौरान नदी किनारे से एक अन्य महिला का शव मिला, लेकिन वह विवाहिता का नहीं था। पुलिस के मुताबिक बरामद शव करीब 2-3 दिन पुराना है। मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वह साड़ी पहने हुए थी और उसके बाल सफेद हैं।
मायके आई थी विवाहिता
पुलिस ने बताया कि स्कूटी पारागांव निवासी स्वाति त्रिवेदी (27) की है। स्वाति की शादी दो साल पहले रायपुर निवासी अजय त्रिवेदी से हुई थी और उनका ढाई महीने का बच्चा भी है। रक्षाबंधन पर वह अपने मायके आई थी। सुबह स्कूटी पुल पर खड़ी मिली और पास में दुपट्टा रेलिंग में बंधा हुआ पाया गया।
तलाश में जुटी पुलिस
निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि गोताखोरों की टीम लगातार महिला की तलाश कर रही है। स्कूटी और दुपट्टा पुलिस ने जब्त कर लिया है। हालांकि स्वाति का कोई सुराग अभी तक नहीं मिल सका है।