Home Chhattisgarh news मध्यप्रदेश को हराकर जूनियर महिला हॉकी के सेमीफाइनल में पहुंचा छत्तीसगढ़

मध्यप्रदेश को हराकर जूनियर महिला हॉकी के सेमीफाइनल में पहुंचा छत्तीसगढ़

0
मध्यप्रदेश को हराकर जूनियर महिला हॉकी के सेमीफाइनल में पहुंचा छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की जूनियर महिला हॉकी टीम ने 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। आंध्रप्रदेश के तटीय जिले काकीनाड़ा में 1 से 12 अगस्त तक चल रही इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में टीम ने क्वार्टर फाइनल में गत उपविजेता मध्यप्रदेश को कड़े मुकाबले में हराकर यह उपलब्धि हासिल की।

छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि मैच की शुरुआत में ही टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। खेल के दूसरे मिनट में फॉरवर्ड यशोदा ने मैदानी गोल कर बढ़त दिलाई, हालांकि 15वें मिनट में मध्यप्रदेश की हुदा खान ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा, जिसके बाद विजेता तय करने के लिए शूटआउट हुआ।

शूटआउट में गोलकीपर ज्योति रानी के शानदार बचाव और स्ट्राइकर्स की बेहतरीन फिनिशिंग से छत्तीसगढ़ ने 2-1 से जीत दर्ज की। इस मैच में यशोदा ने 1 और रुखमणि ने 2 गोल किए, जबकि चेतना रानी दास को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

इससे पहले पूल मैच में छत्तीसगढ़ ने कर्नाटक को 6-1 से हराकर अपनी ताकत का परिचय दिया था। राजनांदगांव के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में कड़ी मेहनत के बाद टीम इस चैंपियनशिप में उतरी और उम्मीदों पर खरी उतरी।

टीम में ज्योति रानी, भूमिका धनकर, मीनाक्षी उमरे, मौलिशा वर्मा, यशोदा, रुखमणि, नेहा कुमारी, दामिनी खुशरो, मधु सिदार, परमेश्वरी सोढ़ी, शीतल यादव, चेतना रानी दास, आंचल, केशरानी साहू, मनीषा पटेल, डॉली निषाद, नेहा धुर्वे और श्रुति पांडेय शामिल रहीं। कोच अनीश अहमद और मैनेजर संजना साहू के मार्गदर्शन में टीम ने यह सफलता हासिल की।

अब छत्तीसगढ़ की नजरें सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में प्रवेश करने पर टिकी हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और एकजुट खेल का यह नतीजा प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गया है।