Home Chhattisgarh news दिल्ली तक गूंजेगा कुम्हारी टोल प्लाजा का विरोध, कांग्रेस ने सरकार को दी चेतावनी

दिल्ली तक गूंजेगा कुम्हारी टोल प्लाजा का विरोध, कांग्रेस ने सरकार को दी चेतावनी

0
दिल्ली तक गूंजेगा कुम्हारी टोल प्लाजा का विरोध, कांग्रेस ने सरकार को दी चेतावनी

कुम्हारी टोल प्लाजा में जारी अवैध वसूली और व्यवस्थागत अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला है। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि अगर जल्द कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे चरणबद्ध आंदोलन के साथ दिल्ली तक प्रदर्शन करेंगे।

अवैध वसूली और जानलेवा जाम बना संकट

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कुम्हारी टोल प्लाजा अवैध वसूली का अड्डा बन चुका है और इसकी वजह से स्थानीय लोगों को रोजाना जानलेवा जाम और दुर्घटनाओं से जूझना पड़ता है। सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे, पंकज शर्मा और कन्हैया अग्रवाल ने इस मुद्दे पर संयुक्त प्रेस वार्ता की और सरकार की निष्क्रियता पर सवाल उठाए।

54 किमी में 3 टोल, नियमों की उड़ रही धज्जियां

नेताओं ने बताया कि रायपुर से दुर्ग तक मात्र 54 किलोमीटर की दूरी में तीन टोल प्लाजा – मंदिर हसौद (किमी 258), कुम्हारी (किमी 281) और दुर्ग (किमी 312) संचालित हो रहे हैं। जबकि सड़क परिवहन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, दो टोल प्लाजा के बीच कम से कम 60 किलोमीटर की दूरी होनी चाहिए। ऐसे में यह नियमों का साफ उल्लंघन है।

वैधता खत्म, फिर भी चल रहा वसूली का खेल

कांग्रेस का कहना है कि कुम्हारी टोल प्लाजा की वैध वसूली अवधि बहुत पहले समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद यह टोल नाका बीते 20-25 वर्षों से लगातार संचालित हो रहा है। विशेषकर रायपुर के टाटीबंध और कुम्हारी नगर निगम क्षेत्र के लोग इसकी वजह से रोज घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं।

कांग्रेस की मांग: तत्काल बंद हो टोल वसूली

कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि कुम्हारी टोल प्लाजा को अविलंब बंद किया जाए और इस संबंध में केंद्र व राज्य सरकारें तत्काल हस्तक्षेप करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस जनआंदोलन को और व्यापक बनाएगी और जरूरत पड़ी तो दिल्ली में प्रदर्शन भी किया जाएगा।