छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की जिला जेल से शनिवार को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के चार आरोपी फरार हो गए। घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है, जब चारों बंदी 25 फीट ऊंची जेल की दीवार को रॉड और गमछे की मदद से फांदकर फरार हो गए। उस समय जेल परिसर की बिजली बंद थी, जिससे अंधेरे का फायदा उठाकर बंदियों ने भागने की साजिश को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि जेल प्रशासन ने चारों आरोपियों को गौशाला में बीमार गायों की देखभाल के लिए कुछ छूट दी थी। इसी दौरान उन्होंने योजना बनाकर जेल के सुरक्षा घेरों को भेद दिया। फरार बंदियों की पहचान चंद्रशेखर राठिया, दशरथ सिदार, राजा कंवर और सरना उर्फ सिंकू के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी कोरबा जिले के और एक रायगढ़ जिले का निवासी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और जेल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। सिविल लाइन थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार बंदियों की तलाश के लिए चार से पांच पुलिस टीमों का गठन कर संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
एएसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि सभी आरोपियों की तस्वीरें व जानकारी विभिन्न थानों और क्षेत्रों में भेज दी गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बंदी दीवार पर रॉड फंसाकर भागे हैं। फिलहाल पुलिस इनकी तलाश में जुटी है और जेल प्रशासन की सुरक्षा चूक की भी जांच की जा रही है।