रायपुर। राजधानी के बिरगांव इलाके में 25 मई की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसमें लव साहू नामक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। यह हमला आपसी रंजिश के चलते दो युवकों—भानपुरी निवासी रेहान खान और उरला निवासी जुबेर अली उर्फ लक्की अली—ने मिलकर किया। गंभीर रूप से घायल लव साहू को तुरंत NKD अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद नाजुक बताई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय रेहान खान (पिता अब्दुल रियाज खान, निवासी बाजार चौक, भानपुरी) और 25 वर्षीय जुबेर अली उर्फ लक्की (पिता स्व. जाकिर अली, निवासी गाजीनगर, उरला) के खिलाफ BNS की धारा 190, 191(3), 109(1), 25, 27 और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उरला थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर बिरगांव की सड़कों पर जुलूस के रूप में घुमाया गया, ताकि अपराधियों में डर और समाज में पुलिस की सख्ती का संदेश जाए।
घटना के बाद घायल लव साहू को रात 2:20 मिनट पर अस्पताल लाया गया। डॉक्टर रतन नाग के मुताबिक, युवक को चाकू से 4-5 गंभीर चोटें आई हैं और पेट की आँतें बाहर आ गई थीं। उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है और अगले 72 घंटे बेहद अहम बताए जा रहे हैं।
यह घटना केवल बिरगांव ही नहीं, पूरे रायपुर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं की कड़ी बन गई है। लगातार हो रही इन वारदातों से आम लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सख्ती से निपटने का भरोसा दिलाया है और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।