खमतारी रेलवे कॉलोनी में अवैध धर्म परिवर्तन का खुलासा: बजरंग दल ने दी कार्रवाई न होने पर चेतावनी
रायपुर | राजधानी के खमतारी रेलवे कॉलोनी से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक घर में महीनों से अवैध रूप से धर्म परिवर्तन का कार्य चल रहा था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लोगों को पैसे और लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि यह पूरा काम एक घर में संचालित हो रहा था, जहां रेलवे के कई सामान भी मौजूद थे। आश्चर्य की बात यह है कि यह रेलवे की संपत्ति है, फिर भी संबंधित अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उस घर को चुपचाप चर्च में बदल दिया गया है, और वहां बिना अनुमति के धार्मिक गतिविधियां की जा रही थीं।

प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा मामला
कुछ दिन पहले इसी घर से जुड़ा एक और मामला सामने आया, जहां एक हिंदू युवक को एक ईसाई युवती से प्रेम संबंध के दौरान धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक रूप से दबाव डाला जा रहा था। इससे युवक डिप्रेशन में चला गया, और मानसिक रूप से बेहद आहत हुआ।
बजरंग दल का विरोध और चेतावनी
जैसे ही यह जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली, वे मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। रेलवे अधिकारियों से बातचीत के बाद, उन्हें यह आश्वासन मिला कि 15 दिन के भीतर यह अवैध निर्माण हटाया जाएगा और संबंधित कार्रवाई की जाएगी।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने साफ चेतावनी दी है कि अगर 15 दिनों के भीतर यह अवैध चर्च और धर्मांतरण केंद्र नहीं हटाया गया, तो वे इसे अपने तरीके से ध्वस्त करेंगे।
प्रशासन की भूमिका सवालों के घेरे में
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे की संपत्ति पर इस तरह अवैध धार्मिक गतिविधियां संचालित होना गंभीर मामला है, और अब तक कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होना लापरवाही को दर्शाता है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या रेलवे और प्रशासन इस मामले में समय पर कार्रवाई करता है या बजरंग दल की चेतावनी के बाद स्थिति और तनावपूर्ण होगी।